जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E6068 (VT-IPW) शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे एयरपोर्ट के एरोब्रिज-56L पर खड़ी थी। विमान को अगरतला के लिए रवाना होना था। उस समय विमान में 141 यात्री और 6 क्रू सदस्य मौजूद थे। इसी दौरान तेज गर्जना और बारिश के बीच विमान पर बिजली गिर गई।
घटना के बाद विमान के भीतर मौजूद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि विमान की सुरक्षा प्रणालियों के कारण सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा। दूसरी ओर, एयरपोर्ट पर ड्यूटी कर रहे दो ग्राउंड स्टाफ को हल्की चोटें आईं। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। बिजली गिरने से विमान की विद्युत प्रणाली प्रभावित हुई और उसकी बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए बाधित हो गई। एहतियात के तौर पर एयरलाइन ने विमान को उड़ान के लिए अनुपयुक्त मानते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और दूसरे विमान की व्यवस्था की। निर्धारित समय सुबह 9:20 बजे की उड़ान इस घटना के कारण विलंबित हो गई और बाद में दोपहर 12:50 बजे यात्रियों को दूसरे विमान से अगरतला के लिए रवाना किया गया।

Comments