CG उपचुनाव 2024 : बृजमोहन के इस्तीफा के बाद कौन होगा रायपुर दक्षिण से भाजपा का प्रत्याशी.. वर्तमान मंत्री के भाई, पूर्व सांसद समेत दो दर्जन से ज्यादा नेता कर रहे हैं दावेदारी..

छत्तीसगढ़ टाइम्स डाॅट काॅम । रायपुर/-

लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आने के बाद प्रदेश की एकमात्र सीट रायपुर दक्षिण विधानसभा में उप चुनाव होना तय हो गया है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री व रायपुर दक्षिण के लगातार आठ बार के विधायक बृजमोहन अग्रवाल का रायपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने जाने के बाद अब इस सीट पर उपचुनाव होना है। उपचुनाव अक्टूबर 2024 में संभावित है। इस बीच इसी महीने आगामी 18 जून तक श्री अग्रवाल विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे देंगे। उपचुनाव को लेकर अभी से भाजपा में दावेदारी शुरु हो गई है। आलम यह है कि इस सीट पर चुनाव लड़ने के लिए एक नहीं, बल्कि दो दर्जन से ज्यादा नेता कतार में खड़े हैं। श्री अग्रवाल की इस अजेय सीट पर हर कोई चुनाव लड़ने और जीतने की मंशा पाले बैठा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट भाजपा का गढ़ है, यहां पार्टी जिसे टिकट देगी, वो चुनाव जीतकर आएगा, क्योंकि राज्य की एकमात्र सीट पर चुनाव होगा, तो पूरे प्रदेश के नेता यहां चुनाव प्रचार करने आएंगे। इसका सीधा फायदा प्रत्याशी को मिलेगा। किंतु भाजपा का वह भाग्यशाली प्रत्याशी कौन होगा? इस पर अभी कहना जल्दबाजी होगी, क्योंकि प्रदेश भाजपा संगठन में उपचुनाव को लेकर अभी कोई चर्चा नहीं हुई है। 


प्रारंभिक चर्चा में यह बातें जरूर सामने आई है कि श्री अग्रवाल की पसंद को टिकट वितरण में महत्व दिया जाएगा। भाजपा के भीतर एक चर्चा यह भी चल रही है कि पूर्व सांसद सुनील सोनी की टिकट काटकर श्री अग्रवाल को सांसद की टिकट दी गई, इसलिए श्री सोनी को ही विधानसभा उपचुनाव की टिकट दी जाए। वहीं वर्तमान प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव भी पिछले कई चुनावों से दावेदारी कर रहे हैं। पार्टी उन्हें हर बार टिकट नहीं देती। संभवतः इस बार उन्हें मौका मिल जाए। इसके अलावा रायपुर दक्षिण सीट पर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे, प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता, वरिष्ठ पार्षद मृत्युंजय दुबे, सुभाष तिवारी, सूर्यकांत राठौर की भी नजर है।

वहीं पूर्व विधायक देवजीभाई पटेल भी रायपुर दक्षिण सीट पर रुचि दिखा रहे हैं। इतना ही नहीं मंत्री श्री अग्रवाल के परिवार के सदस्यों में उनके भाई विजय अग्रवाल और योगेश अग्रवाल की भी दावेदारी को लेकर चर्चा हो रही है। इसके अलावा श्री अग्रवाल के विश्वसनीय मनोज शुक्ला का नाम भी दक्षिण विधानसभा उपचुनाव को लेकर चर्चा में सामने आया है। हालांकि सब कुछ अभी केवल राजनीतिक चर्चाओं में है। इस बीच भाजपा के भीतर यह बात तेजी से उड़ाई जा रही है कि इस सीट पर प्रयोग होगा। जिसे टिकट देने का भाजपा ने मन बना लिया है, उसे पहले मंत्री बनाए, फिर उपचुनाव लड़ाए, किंतु भाजपा में संगठन का ऐसा अतिप्रिय व्यक्ति कौन है?

Comments