बालोद, 6 मई 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के आगे लेटकर आत्महत्या कर ली। यह घटना सुबह करीब 3:30 बजे दल्लीराजहरा-अंतागढ़ रेल मार्ग पर सल्हाईटोला स्टॉपेज के पास हुई।
जानकारी के मुताबिक, युवक और युवती मौके पर पहुंचे और रेलवे ट्रैक पर लेट गए। इसी दौरान पैसेंजर ट्रेन (क्रमांक 78823) वहां से गुजरी, जिससे दोनों बुरी तरह कट गए। हादसा इतना भयावह था कि युवक का हाथ और सिर धड़ से अलग हो गया, वहीं युवती का शरीर कई हिस्सों में बंट गया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
घटना की सूचना लोको पायलट ने आरपीएफ को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मामला डौंडी थाना क्षेत्र का है। मृतकों की पहचान ग्राम कुम्हलोरी निवासी जितेंद्र तारम (23) और ग्राम साल्हे की रहने वाली लीलेश्वरी उइके (17) के रूप में हुई है। युवती 10वीं कक्षा की छात्रा थी।
पुलिस को घटनास्थल पर दोनों की बाइक भी मिली है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।
प्यार का दुखद अंत: बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

Comments