चलती एसयूवी बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान

आरंग/रायपुर, 11 जून। नया रायपुर-नवापारा मार्ग पर मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती एसयूवी में अचानक आग लग गई। ग्राम बिरबिरा के पास हुई इस घटना में चालक की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते उसकी जान बच गई, हालांकि वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार गोबरा नवापारा निवासी ओम साहू मंगलवार देर रात अपनी एसयूवी (क्रमांक सीजी 04 पीएल 4141) से नया रायपुर से नवापारा लौट रहे थे। इसी दौरान आरंग ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बिरबिरा के समीप वाहन के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही कार के अगले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ओम साहू ने तत्काल वाहन सड़क किनारे रोक दिया और सुरक्षित बाहर निकल आए। उनकी सतर्कता के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद चालक ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरंग पुलिस और नया रायपुर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक एसयूवी बुरी तरह जल चुकी थी।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Comments