बुधवार शाम को अचानक बदले मौसम ने मानसून के आगमन की आहट महसूस करा दी। दिनभर तेज धूप और उमस से लोग परेशान रहे, लेकिन दोपहर बाद तेज हवाएं चलने लगीं और आसमान में घने काले बादल छा गए। शहर से लगे कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर शहर में हल्की बूंदाबांदी हुई। ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।
हालांकि अच्छी बारिश का इंतजार अभी भी बरकरार है। लगातार पड़ रही गर्मी से परेशान लोग अब मानसून की पहली झमाझम बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।
बुधवार को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम केंद्र के अनुसार पंजाब से बिहार तक एक द्रोणिका सक्रिय है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तर-पश्चिम बिहार तथा छत्तीसगढ़ से विदर्भ तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका का प्रभाव बना हुआ है। इसी मौसमीय प्रणाली के असर से प्रदेश में वर्षा गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने 11 जून को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या छींटे पड़ने का अनुमान जताया है।

Comments