मानसून की दस्तक: छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम

बिलासपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए छत्तीसगढ़ में अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों के दौरान मानसून के छत्तीसगढ़ सहित कर्नाटक, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के अन्य हिस्सों में पहुंचने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और उमस से जल्द राहत मिलने के संकेत मिल रहे हैं।
न्यायधानी बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों बादलों और तेज धूप के बीच आंख-मिचौली का दौर जारी है। वातावरण में नमी बढ़ने से लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई, जबकि कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। आगामी 48 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ गरज-चमक, वज्रपात और हल्की से मध्यम वर्षा होने के भी आसार हैं।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 11 जून से प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलेगा। गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। 12 जून के बाद वर्षा का दायरा और अधिक विस्तृत होने की संभावना है। इसका प्रभाव विशेष रूप से प्रदेश के उत्तर और दक्षिणी क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी तथा उमस से काफी राहत मिलेगी।

Comments