बारूद बना मौत का जाल: अवैध पटाखा गोदाम में विस्फोट, 8 जिंदगियां खत्म

जयपुर, 9 जून 2026। राजस्थान की राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक अवैध पटाखा गोदाम में लगी भीषण आग ने आठ लोगों की जान ले ली। हादसा आयशा नगर तलाई इलाके में आईटीआई कॉलेज के पास स्थित गोदाम में हुआ, जहां अचानक आग लगने के बाद तेज धमाकों से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए और मदद मिलने से पहले सड़क पर तड़पते रहे। मृतकों में एक बच्चा, दो सगे भाई और कई मजदूर शामिल हैं। पुलिस ने अब तक अब्दुल वाहिद (50), बिलाल खान (30), समीर (20), आजीम खान (18) उर्फ आविद और नासिर खान की पहचान की है, जबकि दो अन्य मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।
हादसे की सबसे दर्दनाक कहानी दो सगे भाइयों बिलाल और आजीम की है। बताया जा रहा है कि बिलाल अपने छोटे भाई आजीम से मिलने फैक्ट्री पहुंचा था। दोनों बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक आग भड़क उठी और दोनों उसकी चपेट में आ गए।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि जहां हादसा हुआ, वह पटाखों का गोदाम था जबकि फैक्ट्री कुछ दूरी पर स्थित है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम रिहायशी इलाके में अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। मामले की विस्तृत जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय विधायक अमीन कागजी ने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रिहायशी क्षेत्र में बारूद और पटाखों का गोदाम संचालित हो रहा था, इसकी जानकारी संबंधित विभागों को क्यों नहीं थी। विधायक ने हादसे को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अब गोदाम मालिक, लाइसेंस की स्थिति और सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोदाम का संचालन दिल्ली के एक युवक द्वारा किया जा रहा था। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Comments