प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा की पहल से दूर हुआ पेयजल संकट, बैगा समुदाय को मिली बड़ी राहत

रायपुर। सोनमणि बोरा के निर्देश पर मुंगेली जिले के अचानकमार क्षेत्र के सुदूर वनांचल ग्राम शिवलखार में खराब पड़े सोलर पंप को सुधारकर फिर से चालू कर दिया गया है। इसके साथ ही बैगा समुदाय को लंबे समय से बनी पेयजल समस्या से बड़ी राहत मिली है। दरअसल प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा हाल ही में मुंगेली जिले के दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कुन्दन कुमार के साथ ग्राम पंचायत अचानकमार के आश्रित ग्राम शिवलखार में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
 
चौपाल में ग्रामीणों ने बताई पानी की परेशानी
 
ग्रामीणों ने प्रमुख सचिव को बताया कि जल जीवन मिशन के तहत लगाए गए दो ड्यूल सोलर पंपों में से एक पिछले कई महीनों से खराब पड़ा हुआ था। इसके कारण खासकर बैगा जनजाति के लोगों को पीने के पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा था। गर्मी के मौसम में स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई थी। समस्या सुनते ही प्रमुख सचिव ने मौके पर ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
 
प्रशासन की तत्परता से तुरंत शुरू हुआ काम
 
निर्देश मिलते ही विभाग ने क्रेडा के साथ समन्वय कर खराब सोलर पंप को बदलने और सुधारने का काम शुरू किया। जल्द ही पंप को पुनः चालू कर दिया गया, जिसके बाद गांव में नियमित जल आपूर्ति बहाल हो गई।
 
महिलाओं और बच्चों को मिली सबसे बड़ी राहत
 
सोलर पंप के सुधार के बाद गांव में खुशी का माहौल है। विशेष रूप से बैगा समुदाय की महिलाओं और बच्चों को अब पेयजल के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से उन्हें बड़ी राहत मिली है और अब गांव में पानी की समस्या काफी हद तक खत्म हो गई है।

Comments