छत्तीसगढ़ में मेट्रो का बड़ा ब्लूप्रिंट तैयार, रायपुर-नवा रायपुर-भिलाई-दुर्ग को जोड़ने की तैयारी

रायपुर, 16 मई 2026: छत्तीसगढ़ में रायपुर, नवा रायपुर, दुर्ग और भिलाई को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। राज्य सरकार अब नवा रायपुर-रायपुर-भिलाई-दुर्ग मेट्रो परियोजना को लेकर तेजी से आगे बढ़ रही है।
मेट्रो परियोजना के लिए टेक्नो-इकोनॉमिक फिजिबिलिटी अध्ययन का कार्य शुरू हो चुका है। दिल्ली की एक कंसल्टेंसी फर्म पिछले महीने से सर्वे कर रही है और अगले तीन से चार महीनों में रिपोर्ट सौंपे जाने की संभावना है। इसी रिपोर्ट के आधार पर मेट्रो परियोजना का डीपीआर तैयार किया जाएगा। इसके बाद यह तय होगा कि मेट्रो किन-किन रूटों पर चलेगी और स्टेशन कहां बनाए जाएंगे।
वैश्विक परिस्थितियों और पेट्रोल-डीजल संकट को देखते हुए राज्य सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दे रही है। स्टेट कैपिटल रीजन में क्षेत्रीय स्तर की परियोजनाओं की प्लानिंग के लिए चालू वित्तीय वर्ष के बजट में 68 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
एससीआर के लिए प्रस्तावित क्षेत्र का विस्तृत इकोनॉमिक मास्टर प्लान भी तैयार किया जाएगा। कंसल्टेंसी एजेंसी सिनेरियो एनालिसिस कर प्रोजेक्ट, भूमि उपयोग, इंडस्ट्रियल पार्क, सड़क और अन्य बुनियादी ढांचे की विस्तृत योजना बनाएगी। प्रस्तावित स्टेट कैपिटल रीजन में रायपुर, नवा रायपुर, भिलाई-दुर्ग समेत आसपास के लगभग 6000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को शामिल करने की तैयारी है।
छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण की बैठक मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी। बैठक में लिए गए फैसलों पर अब अमल शुरू हो गया है। प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन का निर्माण नवा रायपुर के सेक्टर-16 में सीबीडी के पास प्रस्तावित है।
प्राधिकरण के अतिरिक्त सीईओ चंदन कुमार ने बताया कि मेट्रो परियोजना के संचालन के लिए टेक्नो-इकोनॉमिक फिजिबिलिटी अध्ययन जारी है और रिपोर्ट आने के बाद डीपीआर तैयार किया जाएगा।

Comments