चेन्नई, 9 मई। तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेता से नेता बने Vijay की सरकार बनने पर सस्पेंस अभी भी बरकरार है। तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को फिलहाल 116 विधायकों का समर्थन मिला है, जबकि सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है। बहुमत से दो विधायक कम होने के कारण शनिवार को प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह रद्द कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, विजय ने लगातार तीसरी बार राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया, लेकिन पर्याप्त समर्थन पत्र नहीं होने के कारण राज्यपाल ने फिलहाल सरकार गठन की मंजूरी नहीं दी। TVK के पास अपने 107 विधायक हैं। इसके अलावा कांग्रेस के 5, CPI के 2 और CPI(M) के 2 विधायकों का समर्थन मिला है। इसके बावजूद पार्टी बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि VCK और IUML के समर्थन पर पूरा खेल टिका हुआ है। हालांकि IUML ने साफ कर दिया है कि वह DMK गठबंधन के साथ ही रहेगी। वहीं VCK ने अभी तक अपना अंतिम फैसला सार्वजनिक नहीं किया है।
इस बीच एएमएमके प्रमुख टीटीवी दिनाकरण ने TVK पर हॉर्स ट्रेडिंग और फर्जी समर्थन पत्र इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। मामले ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है।
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चेन्नई में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं और विजय समर्थकों ने जश्न भी शुरू कर दिया था, लेकिन देर रात बहुमत का आंकड़ा पूरा नहीं होने से कार्यक्रम टाल दिया गया। अब सभी की नजरें छोटे दलों के फैसले और अगले राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हैं।
बहुमत से 2 कदम दूर विजय, TVK की सरकार पर अब भी सस्पेंस
You may also like

Comments