शिक्षा विभाग का कड़ा एक्शन: खराब बोर्ड रिजल्ट पर 8 प्राचार्य सस्पेंड, 14 की वेतन वृद्धि रोकी

बालोद। बालोद जिले में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के निराशाजनक परिणामों के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 प्राचार्यों को निलंबित कर दिया है, जबकि 14 अन्य प्राचार्यों की वेतन वृद्धि रोक दी गई है। विभाग की इस कार्रवाई से शिक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है। 
जिला शिक्षा विभाग की समीक्षा में सामने आया कि कई स्कूलों का परीक्षा परिणाम बेहद कमजोर रहा। कुछ स्कूलों में पास प्रतिशत 30 से 47 फीसदी तक ही सिमट गया। लगातार खराब प्रदर्शन और शैक्षणिक गुणवत्ता में गिरावट को गंभीर लापरवाही मानते हुए विभाग ने यह कदम उठाया। 
पीएमश्री स्कूल भी कार्रवाई 
कार्रवाई की खास बात यह रही कि इसमें पीएमश्री स्कूलों के प्राचार्य भी शामिल हैं। विभाग का मानना है कि जिन स्कूलों को मॉडल संस्थान माना जाता है, वहां से बेहतर परिणाम की उम्मीद थी, लेकिन प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा।
गिरी जिले की रैंकिंग
इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में जिले की स्थिति प्रदेश स्तर पर भी कमजोर रही। 10वीं बोर्ड में बालोद जिला 29वें स्थान पर पहुंच गया, जबकि 12वीं में जिले की रैंक 30वीं रही। खराब रैंकिंग ने विभाग की चिंता और बढ़ा दी है।


हजारों छात्र हुए असफल
आंकड़ों के अनुसार, 10 वीं बोर्ड में करीब 2,520 छात्र असफल हुए हैं। वहीं 12वीं का परिणाम भी अपेक्षा के अनुरुप नहीं रहा, विभाग इसे शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर संकेत मान रहा है। खराब रिजल्ट पर होगी जवाबदेही
शिक्षा विभाग ने जिले के सभी स्कूलों को चेतावनी जारी करते हुए साफ कर दिया है कि आने वाले समय में कमजोर परीक्षा परिणाम मिलने पर सीधे जिम्मेदार अधिकारियों और शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी। विभाग अब नियमित मॉनिटरिंग और अकादमिक समीक्षा पर जोर देने की तैयारी में है।

Comments