बस एजेंसी के गोदाम में छापा, लाखों के नए नोटों की गड्डियां जब्त

रायपुर, 07 मई 2026: राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक ट्रैवल्स एजेंसी पर कार्रवाई करते हुए 16 लाख रुपये के नए नोटों से भरी तीन बोरियां जब्त की हैं। बरामद रकम में 10, 20 और 50 रुपये के नए नोटों की गड्डियां शामिल हैं। मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह रकम कोलकाता से बस के जरिए रायपुर लाई गई थी और यहां से इसे दिल्ली भेजने की तैयारी थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके बाद ट्रैवल्स एजेंसी के कार्यालय और गोदाम में दबिश दी गई।
जांच के दौरान पुलिस को 50 रुपये के करीब 8 लाख रुपये और 10 व 20 रुपये के लगभग 4-4 लाख रुपये के नए नोट मिले। पुलिस ने नोटों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोलकाता और दिल्ली से जुड़े कारोबारियों को नोटिस जारी किया गया है, लेकिन फिलहाल उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि छोटे नए नोटों का इस्तेमाल शादी-ब्याह और मालाओं में किया जाता है। हालांकि इतनी बड़ी मात्रा में नोट भेजने के पीछे का असली मकसद क्या था, इसकी जांच जारी है।
आयकर विभाग को भी पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।

Comments