रिपोर्ट शिक्षा विभाग में हड़कंप: कलेक्टर करेंगे समीक्षा, जिम्मेदारों पर गाज तय

 बिलासपुर, 6 मई 2026. जिले में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के निराशाजनक परिणामों के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। इस बार 10वीं में 65.30 प्रतिशत और 12वीं में 79.19 प्रतिशत छात्र-छात्राएं ही उत्तीर्ण हो सके, जो पिछले वर्ष की तुलना में क्रमशः लगभग 10 प्रतिशत और 3 प्रतिशत कम है।
बोर्ड परिणामों में सुधार के लिए चलाए गए ‘मिशन-90’ अभियान के बावजूद अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा कार्यालय ने सभी सरकारी स्कूलों से विस्तृत परिणाम रिपोर्ट तलब की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिपोर्ट मिलने के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल इसकी समीक्षा करेंगे। समीक्षा बैठक में खराब परिणाम देने वाले स्कूलों के प्राचार्य और व्याख्याताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इस खबर से शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन में चिंता का माहौल है।
पिछले वर्ष जिले में 10वीं का परिणाम 75.60 प्रतिशत और 12वीं का 82.67 प्रतिशत रहा था, जबकि इस वर्ष इसमें गिरावट दर्ज की गई है। साथ ही, राज्य स्तर पर जिले की रैंकिंग भी प्रभावित हुई है—10वीं में 30वां और 12वीं में 27वां स्थान मिला है।
जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने बताया कि सभी स्कूलों से परिणाम मंगाए गए हैं और एक-दो दिन में समीक्षा की जाएगी। इसके बाद जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Comments