राजस्व कामकाज ठप, सरगुजा के नायब तहसीलदार की पिटाई के विरोध में छत्तीसगढ़ भर में हड़ताल, MLA रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग

रायपुर, 3 जून 2026  छत्तीसगढ़ में नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ कथित मारपीट के मामले ने प्रशासनिक हलकों में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में हुई घटना के विरोध में प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के चलते राज्य की अधिकांश तहसीलों में राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो गए हैं।
आरोप है कि सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ मारपीट की। घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने कार्रवाई की मांग करते हुए आंदोलन का ऐलान किया। इसके तहत 500 से अधिक तहसीलदार और नायब तहसीलदार राजधानी रायपुर पहुंचकर धरने पर बैठ गए।
हड़ताल का असर सीधे आम जनता पर पड़ रहा है। नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, ऋण-पुस्तिका और अन्य राजस्व मामलों से जुड़े कार्य ठप पड़ गए हैं। कई तहसील कार्यालयों में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग जरूरी कामों के लिए भटकने को मजबूर हैं।
मामले को लेकर सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने सरकार पर भाजपा विधायक को बचाने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर भाजपा का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस बीच पटवारी संघ ने तहसीलदारों के आंदोलन को समर्थन दिया है, जबकि अधिवक्ता संगठनों ने हड़ताल का विरोध जताया है।

Comments