हड़ताल : 24 सूत्रीय मांगों को लेकर स्वास्थ्यकर्मी 4 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर..

छत्तीसगढ़ टाइम्स डॉट कॉम । रायपुर

अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण, वेतनमान में सुधार समेत 24 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर प्रदेश भर के स्वास्थ्य कर्मचारी 4 जुलाई से हड़ताल पर जा रहे हैं। कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने की सूचना कार्यालय को देना प्रारंभ कर दिया है। हड़ताल और मांगों के संबंध में स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक बातचीत की कोई पहल नहीं हुई है।

 

अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने किया है। कई बार ज्ञापन, चर्चा और कई मांगों पर सहमति के बाद भी राज्य शासन द्वारा मांगों को पूर्ण करने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जाने से नाराज स्वास्थ्य कर्मचारियों ने 4 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है। 

हड़ताल की तैयारियों को लेकर हाल ही में स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की गठित 25 सदस्यीय कोर समिति की बैठक संघ के प्रांतीय कार्यालय में हुई थी। संघ के महामंत्री अश्वनी गुर्देकर एवं उप प्रांताध्यक्ष एस. पी. देवांग ने बताया कि हड़ताल में जाने की सूचना कर्मचारी अपने-अपने कार्यालय को दे रहे हैं। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने आवेदन भी दे दिया है। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। आन्दोलन को लेकर संघ के पदाधिकारी कर्मचारियों से लगातार संपर्क भी कर रहे हैं। संयोजक अपने-अपने संवर्ग में संपर्क अभियान चला रहे हैं।

Comments