ऑनलाइन सामान खरीदने वालों के लिए काम की खबर : ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर घटिया सामान की बिक्री पर बीआईएस की बड़ी कार्रवाई..

नई दिल्ली। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के अनुसार, भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने अमेजन और फ्लिपकार्ट के गोदामों पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में अनियमित और नकली आईएसआई मार्क वाले उत्पाद जब्त किए हैं। बीआईएस ने 19 मार्च को दिल्ली के मोहन को-ऑपरेटिव इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित अमेजन सेलर्स प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम में तलाशी अभियान चलाया। यह छापेमारी 15 घंटे से अधिक समय तक चली, जिसमें बिना आईएसआई मार्क वाले और नकली आईएसआई लेबल लगे 3,500 से अधिक उत्पाद जब्त किए गए। इनमें गीजर, फूड मिक्सर और अन्य बिजली के उपकरण शामिल थे, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है।
 
इसके अलावा, दिल्ली के त्रिनगर में स्थित फ्लिपकार्ट की सहायक कंपनी इंस्टाकार्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम में भी बीआईएस ने छापेमारी की। यहां से बिना आईएसआई मार्क और मैन्युफैक्चरिंग डेट के स्पोर्ट्स फुटवियर का बड़ा स्टॉक जब्त किया गया, जो डिस्पैच के लिए तैयार था। बीआईएस द्वारा की गई इस कड़ी कार्रवाई का उद्देश्य ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर घटिया और अनधिकृत उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाना है। आगे भी इस तरह के निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और प्रमाणित उत्पाद मिल सकें।

Comments