रेल यात्रियों को झटका: बिलासपुर जोन की 10 ट्रेनें 12 दिन तक रद्द, सफर से पहले देखें पूरी लिस्ट

बिलासपुर, 18 जून 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में रेलवे अधोसंरचना को और मजबूत बनाने के लिए जांजगीर-नैला स्टेशन पर ऑटो सिग्नलिंग एवं चौथी लाइन कनेक्टिविटी का महत्वपूर्ण कार्य किया जाएगा। इस कार्य के चलते 22 जून से 3 जुलाई तक छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 10 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के संचालन समय और मार्ग में भी बदलाव किया गया है।
रेल प्रशासन के अनुसार बिलासपुर-चांपा चौथी लाइन परियोजना के तहत जांजगीर-नैला स्टेशन के अप ग्रिड में ऑटो सिग्नलिंग, चौथी लाइन कनेक्टिविटी की कमीशनिंग तथा नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य 22 जून से 5 जुलाई तक विभिन्न चरणों में किया जाएगा। इस दौरान रेल परिचालन प्रभावित रहेगा।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
22 जून से 3 जुलाई तक रायगढ़-बिलासपुर-रायगढ़ मेमू (68737/68738), गेवरा रोड-रायपुर मेमू (68745), कोरबा-रायपुर पैसेंजर (58203), बिलासपुर-गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू (68733/68734) और बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू (68731/68732) रद्द रहेंगी।
इसी तरह 21 जून से 2 जुलाई तक रायपुर-गेवरा रोड मेमू (68746) और रायपुर-कोरबा पैसेंजर (58204) का संचालन भी पूरी तरह बंद रहेगा।
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस दो घंटे देरी से चलेगी
1 जुलाई को कोरबा से रवाना होने वाली 18237 कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से दो घंटे विलंब से प्रस्थान करेगी।
कुछ ट्रेनों का सफर बीच में ही होगा समाप्त
गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू (68861) 22 जून से 3 जुलाई तक बिलासपुर स्टेशन में ही समाप्त होगी, जबकि झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू (68862) बिलासपुर से ही प्रारंभ होगी। इस अवधि में झारसुगुड़ा-बिलासपुर खंड पर दोनों ट्रेनें रद्द रहेंगी।
पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलेगी हसदेव एक्सप्रेस
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को 22 जून से 3 जुलाई तक कोरबा-बिलासपुर सेक्शन में पैसेंजर ट्रेन के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। वहीं कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18249/18250 एवं 18251/18252) भी इस अवधि में कोरबा-बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह संचालित होगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे की अधिकृत पूछताछ सेवा NTES और 139 हेल्पलाइन से ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

Comments