रायपुर/-
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सख्ती के बाद छत्तीसगढ़ मंत्रालय में आईएएस समेत अधिकारी-कर्मचारियों की हाजिरी शुरू हो गई है। पहले दिन मंत्रालय के 95 फीसदी आईएएस अफसर सुबह दस बजे दफ्तर पहुंच गए। द्वार पर उनकी बकायदा रजिस्ट्री में इंट्री दर्ज हुई। मुख्यमंत्री सचिवालय इसकी सीधे निगरानी कर रहा है। आईएएस अफसरों की इंट्री सूची सवा दस बजे सीएमओ को भेज दी गई। हालांकि कर्मचारी रजिस्टर में इंट्री का विरोध कर रहे थे, लेकिन जब आईएएस व अन्य वरिष्ठ अफसरों के दफ्तर पहुंचने का समय दर्ज होने लगा तो, फिर कर्मचारियों को भी अब निर्धारित समय पर पहुंचना अनिवार्य हो जाएगा।
कर्मचारियों को मंत्रालय लाने-ले जाने वाली बसों की समय सारिणी भी निर्धारित कर दी गई है। बताया गया है कि नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में सुबह ग्यारह बजे के बाद ज्यादातर अधिकारी कर्मचारी पहुंचे थे, लेकिन मंगलवार को सुबह दस बजे ही अधिकारी-कर्मचारियों की हाजिरी शुरू हो गई थी। सुरक्षाकर्मी स्टॉफ रजिस्टर लेकर मौजूद थे।
अधिकारियों के निजी स्टॉफ भी दौड़ते भागते नजर आए। ज्यादातर कर्मचारी दस बजे गेट पर इंट्री करा रहे थे। वीआईपी गेट से भी वरिष्ठ अफसरों के वाहन लगातार पहुंच रहे थे। पहली बार वीआईपी गेट पर पोर्च में अधिकारियों के वाहनों का जमावड़ा रहा। अधिकांश अधिकारियों में जल्द से जल्द अपने दफ्तर पहुंचने की जल्दबाजी दिखी। गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मी रजिस्टर में समय इंट्री कर रहे थे। बताया गया है कि सवा दस बजे तक करीब 95 फीसदी आईएएस अफसर मंत्रालय पहुंच चुके थे। वहीं, 70 फसदी कर्मचारियों की इंट्री रही।
इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी जानकारी साढ़े दस बजे तक सीएम सचिवालय को भेज दी। बताया गया है मुख्यमंत्री सचिवालय अधिकारी कर्मचारियों की उपस्थिति व दफ्तर पहुंचने के समय की मॉनिटरिंग कर रहा है। मुख्यमंत्री सचिवालय ने अधिकारियों को साफ तौर पर कह दिया कि दिल्ली में अधिकारी सुबह साढ़े नौ बजे तक दफ्तर पहुंच जाते हैं, तो छत्तीसगढ़ मंत्रालय के अफसर निर्धारित समय पर क्यों दफ्तार नहीं पहुंचते हैं।
गौरतलब है कि नए साल के पहले दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव सय ने मंत्रालय व विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में दफ्तर पहुंचने के समय को लेकर सख्ती दिखाई थी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा था कि हफ्तेभर में पांच दिन काम करना है, उसमें भी समय पर नहीं आना, यह ठीक नहीं है।
CM की सख्ती के बाद IAS - कर्मचारियों की हाजिरी शुरू.. सूची भेजी गई मुख्यमंत्री सचिवालय..

Comments