पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गांजा तस्करी गिरोह के मुख्य सरगना एवं ट्रक मालिक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस पिछले पांच महीनों से इस मास्टरमाइंड की तलाश कर रही थी और तकनीकी निगरानी व लाइव ट्रैकिंग के जरिए उसे ट्रेस करने के बाद यह सफलता मिली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह बड़ी खेप ओडिशा से लोड की गई थी, जिसे छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचाया जाना था। पुलिस को पहले से इनपुट मिलने के बाद यूपी सीमा पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी।
जांच के दौरान पुलिस को ट्रक में तस्करी का बेहद शातिर तरीका देखने को मिला। तस्करों ने ट्रक के निचले हिस्से में गांजे की बोरियां रखी थीं और उन्हें छिपाने के लिए ऊपर से प्लास्टिक की बोरियों में पाउडर भरकर लोड कर दिया था, ताकि सामान्य जांच में गांजे का पता न चल सके।
हालांकि पुलिस को ड्राइवर और हेल्पर की संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ। कड़ाई से पूछताछ और तलाशी लेने पर पूरा मामला सामने आ गया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाकर गांजे की खेप जब्त की गई।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों, सप्लाई चेन और इस अवैध कारोबार से जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह प्रदेश में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी गांजा जब्ती कार्रवाई में से एक है।

Comments