रामभद्राचार्य से लेकर धीरेंद्र शास्त्री तक… भूपेश के बयान से गरमाई सियासत जाने पूरा मामला

रायपुर, 28 मई 2026। छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों कांग्रेस नेताओं और धर्म संतों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और जगद्गुरु रामभद्राचार्य को लेकर सवाल उठाए हैं, जिससे प्रदेश की सियासत गरमा गई है।
भूपेश बघेल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू गोमांस खाने की बात स्वीकार चुके हैं, इसके बावजूद उन्हें केंद्र सरकार में मंत्री बनाया गया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या जगद्गुरु रामभद्राचार्य इसे उचित मानते हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर भी तंज कसते हुए कहा कि अपने शिष्य से कहकर पेट्रोल-डीजल के दाम कम करवाने की पर्ची निकलवा लें।
इससे पहले कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी रामभद्राचार्य को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि वे रामभद्राचार्य को जगद्गुरु नहीं मानते और उन्हें बीजेपी का प्रचारक बताया था। वहीं, भूपेश बघेल इससे पहले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को बीजेपी का एजेंट बता चुके हैं।
उधर, चिरमिरी में रामकथा के दौरान जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने भी पलटवार करते हुए कहा था कि यदि कोई उनके जगद्गुरु होने को चुनौती देगा तो वे इसे स्वीकार नहीं करेंगे।
राजनीतिक और धार्मिक बयानबाजी के इस दौर ने छत्तीसगढ़ की राजनीति को एक बार फिर गर्मा दिया है।

Comments