जानकारी के मुताबिक विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन के शाख शोध पत्र बनवाने के लिए 14 मई को आवेदन और फाइल जमा की थी। आरोप है कि कई दिनों से फाइल लंबित रखी गई और उन्हें लगातार उप तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे थे।
बुधवार को सीमा धनकी एक बार फिर राजापुर उप तहसील पहुंचीं और फाइल पर हस्ताक्षर करने का आग्रह किया। इसी दौरान नायब तहसीलदार तुषार मानिक और सीमा धनकी के बीच तीखी बहस हो गई। सीमा का आरोप है कि अधिकारी ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा, “तुम होती कौन हो हस्ताक्षर करने के लिए कहने वाली, जाकर मैनपाट में हस्ताक्षर करा लो।” इसके बाद उन्हें कार्यालय से बाहर जाने के लिए भी कहा गया।
घटना की जानकारी विधायक रामकुमार टोप्पो को मिलने के बाद उनके समर्थक उप तहसील कार्यालय पहुंच गए। नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने आरोप लगाया कि समर्थकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की, कपड़े फाड़ दिए और कार्यालय में हंगामा किया। वहीं विधायक पक्ष का कहना है कि पहले अधिकारी ने दुर्व्यवहार किया, जिससे विवाद की स्थिति बनी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीतापुर SDM फागेश सिन्हा मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया। SDM ने नायब तहसीलदार को अपने साथ अंबिकापुर ले जाकर स्थिति नियंत्रित की। दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Comments