दुर्ग/ भिलाई 12 मई 2026: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार दोपहर सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक ही परिवार के 4 लोग जिंदा जल गए। मृतकों में 2 बहनें, पिता और एक डेढ़ साल की बच्ची शामिल है। जानकारी के मुताबिक कुम्हारी स्थित खंभे में शॉर्ट सर्किट से मकान में आग लगी थी।
आग किचन तक पहुंच गई, जिससे गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि आग की लपटों ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया। घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर निकल नहीं सके और जिंदा जल गए। यह मामला कुम्हारी थाना क्षेत्र का है।
आसपास के लोगों ने धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग काफी फैल हो चुकी थी। इसके बाद घर के अंदर से 4 लोगों के शव बरामद किए गए। मुख्यमंत्री ने मृतकों को 5-5 लाख रुपए और जिला प्रशासन ने 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है।
डेढ़ साल की बेटी की भी मौत
बताया जा रहा है कि जिस वक्त हादसा हुआ, उस समय घर में 2 बहनें मौजूद थीं। इनमें से एक शादीशुदा थी, जिसकी डेढ़ साल की बेटी भी घर में थी। घर में दोनों बहनों के पिता भी मौजूद थे। हादसा इतना भयावह था कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
शॉर्ट सर्किट से लगी थी आग
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, खंभे में शॉर्ट सर्किट से मकान में आग लगी। आग छत के रास्ते फैलते हुए किचन तक पहुंच गई। इसके बाद आग की चपेट में सिलेंडर आ गया, जिससे जोरदार ब्लास्ट हुआ।
सांसद-मंत्री भी घटना स्थल पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसएसपी विजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं सांसद विजय बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
“दुर्ग में सिलेंडर ब्लास्ट से 4 की मौत, शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने किचन में मचाई तबाही”
You may also like

Comments