तालाब में डूबने से एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की मौत, गांव में छाया मातम

धमतरी | 26 जून 2026: जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम कपालफोड़ी में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में डूबने से एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मोहर्रम की छुट्टी होने के कारण 8 वर्षीय गीतिका और 6 वर्षीय खुशबू घर से तालाब में नहाने के लिए गई थीं। काफी समय तक दोनों बच्चियां वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई।
खोजबीन के दौरान ग्रामीणों को तालाब किनारे बच्चियों के कपड़े और एक बाल्टी मिली। इसके बाद अनहोनी की आशंका के चलते ग्रामीणों और परिजनों ने तालाब में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों के शव तालाब से बाहर निकाले गए।
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत तालाब में डूबने से होना सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की असमय मौत से कपालफोड़ी गांव में गहरा मातम पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Comments