सरकार का बड़ा फैसला, महतारी वंदन योजना से वंचित महिलाओं के लिए खुलेगा पोर्टल

रायपुर, 26 जून। महतारी वंदन योजना से वंचित रह गई पात्र विवाहित महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार जल्द ही योजना का पोर्टल दोबारा शुरू करने जा रही है, जिससे नई पात्र महिलाओं को आवेदन करने का अवसर मिलेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इसकी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं और संभावना है कि आगामी एक सप्ताह के भीतर पोर्टल आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि योजना के विस्तार को मुख्यमंत्री की सहमति मिल चुकी है। विभाग तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। आवेदन प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएगी।
सरकार की योजना के अनुसार पहले चरण में बस्तर संभाग के जिलों में पोर्टल खोला जाएगा। इसके बाद प्रदेश के अन्य संभागों में भी पात्र महिलाओं के लिए पंजीयन और आवेदन की सुविधा शुरू कर दी जाएगी।
यह फैसला उन महिलाओं के लिए बड़ी राहत लेकर आया है, जो पिछली बार किसी कारणवश आवेदन नहीं कर सकीं या पात्र होने के बावजूद योजना का लाभ नहीं ले पाईं। नए पंजीयन के माध्यम से ऐसी महिलाओं को भी योजना का लाभ मिल सकेगा।
गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, परिवार में उनकी भागीदारी बढ़ाना और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।

Comments