C G ब्रेकिंग: दिनदहाड़े मर्डर से दहला सक्ती, घर के बाहर युवती को गोली मारकर हत्या

सक्ती, 26 जून। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो युवकों ने 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान की उसके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है।
 
जानकारी के अनुसार, पूर्णिमा चौहान पिछले चार वर्षों से पंजाब स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो युवक बाइक से उसके घर पहुंचे। इनमें से एक युवक घर के अंदर गया और परिवार के सदस्यों से पूर्णिमा के बारे में पूछताछ करने लगा, जबकि दूसरा बाहर खड़ा रहा। जैसे ही पूर्णिमा घर से बाहर आई, आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ी।
 
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन बाहर पहुंचे और पूर्णिमा को खून से लथपथ हालत में देखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Comments