बिजली बिल की चिंता से मिली राहत, सुशासन तिहार शिविर

बिलासपुर, 11 मई 2026/बिल्हा में आयोजित जिला स्तरीय सुशासन तिहार शिविर में वार्ड क्रमांक 05 की निवासी श्रीमती सुखवारा बाई को बिजली बिल में बड़ी राहत मिली। लंबे समय से 78 हजार रुपए के भारी-भरकम बिजली बिल की बकाया राशि उनके लिए चिंता और परेशानी का कारण बनी हुई थी। मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना के तहत शिविर में उनके प्रकरण का त्वरित निराकरण करते हुए 22 हजार 672 रुपए की छूट प्रदान की गई। शिविर में बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। बिजली बिल में राहत की जानकारी मिलते ही श्रीमती सुखवारा बाई के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने भावुक होकर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं बिजली विभाग को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी समस्या का इतनी जल्दी समाधान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की इस योजना ने उनके परिवार का बड़ा बोझ हल्का कर दिया है। सुशासन तिहार शिविरों के माध्यम से जरूरतमंदों की समस्याओं का मौके पर निराकरण कर शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

Comments