बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में फिल्मी अंदाज में युवक के अपहरण और फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपियों ने 21 वर्षीय युवक के गले पर चाकू अड़ाकर उसका अपहरण किया और उसे जंगल में ले गए। वहां गांजे के साथ उसकी तस्वीरें खींचकर झूठे मादक पदार्थ मामले में फंसाने की धमकी दी गई।
इसके बाद आरोपियों ने युवक के परिजनों और रिश्तेदारों से 50 हजार रुपये की फिरौती की मांग की। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, कलमीटार के भेलवापारा निवासी घनश्याम पाटले (21) बुधवार दोपहर अपने घर के आंगन में मौजूद था। इसी दौरान रतनपुर निवासी इशांत सारथी, सोम रजक, निखिल रजक उर्फ एलियन और उनके साथियों ने उसे जबरन अगवा कर लिया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने पूरी साजिश का पर्दाफाश करते हुए आरोपियों के खिलाफ अपहरण, जबरन वसूली और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

Comments