बिलासपुर, 11 मई 2026: बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते आगजनी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बदमाश युवक ने महिला के घर के बाहर खड़ी स्कूटी में आग लगा दी, जिससे स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग की चपेट में आने से पास में रखा घरेलू सामान भी राख हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुंदंड निवासी प्रियंका कुशवाहा ने शिकायत दर्ज कराई है कि रविवार रात उन्होंने अपनी स्कूटी घर के बाहर खड़ी की थी। देर रात करीब 1 बजे अचानक जलने की गंध आने पर वह बाहर निकलीं तो देखा कि स्कूटी धू-धू कर जल रही थी। आग इतनी तेज थी कि आसपास रखा सामान भी इसकी चपेट में आ गया।
महिला ने आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
बिलासपुर में पुरानी रंजिश की आग: घर के बाहर खड़ी स्कूटी को बदमाश ने फूंका

Comments