वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर पर गिरी गाज

दुर्ग, छत्तीसगढ़ | 7 मई 2026: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से सोशल मीडिया पर वायरल हुए दो वीडियो ने पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है। एक वीडियो में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर (SI) चालान के बदले युवक से कथित तौर पर 200 रुपए लेते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में एक कॉन्स्टेबल धारा 307 के आरोपी से हाथ मिलाते और गले लगते नजर आ रहा है।
पहला मामला दुर्ग ट्रैफिक विभाग से जुड़ा बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर महेश देवांगन युवक से पैसे लेते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में यह आवाज भी सुनाई दे रही है कि युवक को पैसे गिनने के लिए कहा जा रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित SI को लाइन अटैच कर दिया है।
इस मामले की पुष्टि ट्रैफिक डीएसपी टीडी चंद्रा ने की है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और विभागीय कार्रवाई जारी है।
वहीं दूसरे वायरल वीडियो में एक कॉन्स्टेबल धारा 307 के आरोपी के साथ आत्मीयता दिखाते नजर आ रहा है। हालांकि इस वीडियो पर अब तक किसी प्रकार की आधिकारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है।
दोनों वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर लोग मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Comments