मिशन मोड में विकास: छत्तीसगढ़ में 5 बड़े अभियानों से बदलेगा भविष्य.. टेक्नोलॉजी से टूरिज्म तक विकास का नया ब्लूप्रिंट तैयार

रायपुर।
 
छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से “5 मुख्यमंत्री मिशन” की घोषणा की है। “नई दिशा, नई धार, नई रफ्तार” की थीम पर आधारित इन मिशन मोड पहलों के अंतर्गत चिन्हांकित क्षेत्रों में केंद्रित एवं तेज कार्यान्वयन किया जाएगा। अगले पांच वर्षों तक प्रत्येक मिशन के लिए न्यूनतम 100-100 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष का प्रावधान रखा गया है।
 
1) मुख्यमंत्री AI मिशन
 
राज्य को उभरती प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के उद्देश्य से AI मिशन प्रारंभ किया गया है। इसके अंतर्गत युवाओं का AI आधारित कौशल विकास, AI स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन, प्रशासन, कृषि, स्वास्थ्य एवं उद्योग क्षेत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग बढ़ाने पर बल दिया जाएगा। डिजिटल गवर्नेंस और स्मार्ट समाधान को बढ़ावा देकर छत्तीसगढ़ को टेक्नोलॉजी लीडर राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य होगा।
 
2) मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन
 
खेल प्रतिभाओं की जमीनी स्तर पर पहचान और उन्हें उचित मंच प्रदान करने के लिए यह मिशन संचालित होगा। आधुनिक खेल अधोसंरचना का विकास, खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी तथा महिला खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। लक्ष्य है — “हर गांव से खिलाड़ी, हर खिलाड़ी को अवसर”।
 
3) मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन
 
राज्य के पर्यटन स्थलों एवं थीम आधारित सर्किट का विकास, मेले-उत्सवों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा, होमस्टे एवं स्थानीय पर्यटन उद्यम को प्रोत्साहन तथा टूर गाइड स्किल डेवलपमेंट इस मिशन के प्रमुख आयाम होंगे। स्थानीय हस्तशिल्प और रोजगार सृजन को भी इससे नई गति मिलेगी। पर्यटन को पहचान और रोजगार दोनों का माध्यम बनाया जाएगा।
 
4) मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन
 
राज्य की प्रमुख अधोसंरचना परियोजनाओं का गैप एनालिसिस कर प्राथमिकता आधारित रोडमैप तैयार किया जाएगा। तेज और प्रभावी कार्यान्वयन के साथ विकास परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। सरकार का मानना है कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर ही आर्थिक विकास की रीढ़ है।
 
5) मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं NIPUN मिशन
 
स्टार्टअप मिशन के तहत युवाओं को जॉब-सीकर से जॉब-क्रिएटर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्हें तकनीकी, वित्तीय एवं संस्थागत सहयोग प्रदान कर नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जाएगा।
 
वहीं NIPUN (New Age Industrial Preparedness for Upskilling New Generation Youth) मिशन के माध्यम से उद्योग आधारित कौशल विकास, नई तकनीक आधारित रोजगार अवसर और भविष्य की इंडस्ट्री के अनुरूप युवाओं को तैयार किया जाएगा। उद्देश्य स्पष्ट है — “युवा नौकरी ढूंढेंगे नहीं, नौकरी देंगे।”
 
राज्य सरकार का यह पांच मिशनों का रोडमैप छत्तीसगढ़ को तकनीक, रोजगार, खेल, पर्यटन और अधोसंरचना के क्षेत्र में सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Comments