CG के इस जिले के रिहायशी इलाके में घुसा भालू, मची अफरा-तफरी...

पेंड्रा गौरेला मरवाही । 
 
छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले से मंगलवार 8 अप्रैल की सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब मरवाही क्षेत्र के दानीकुंडी गांव में एक विशालकाय भालू रिहायशी इलाके में आ पहुंचा। जैसे ही लोगों ने भालू को अपने घरों के आसपास देखा, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे
 
मिली जानकारी के अनुसार, यह भालू पास के बंशीताल गांव से भटकता हुआ पेंड्रा-मरवाही मुख्य सड़क तक पहुंच गया था। उस समय कई ग्रामीण अपने घरों के सामने साफ-सफाई कर रहे थे, जबकि कुछ लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। अचानक उनके सामने एक बड़ा भालू आ धमका, जिसे देखकर सभी घबरा गए। लोगों की चिल्लाने की आवाजों से भयभीत होकर भालू भी रास्ता तलाशते हुए भागने की कोशिश करने लगा। कुछ देर की अफरा-तफरी के बाद वह सड़क किनारे बनी एक दीवार पर चढ़कर जंगल की ओर वापस भाग गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
 
जानकारों का कहना है कि इन दिनों तेज गर्मी के कारण वन्य जीवों को जंगल में पर्याप्त भोजन और पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे वे रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। जंगलों में मिलने वाले प्राकृतिक खाद्य स्रोत जैसे महुआ, तेंदू, चार और चिरौंजी ग्रामीणों द्वारा बड़ी मात्रा में संग्रहित कर लिए जाते हैं, जिससे जंगली जानवरों के लिए भोजन की उपलब्धता घट जाती है।
 
इस कारण भालू जैसे वन्य जीव अब भोजन और पानी की तलाश में इंसानी बस्तियों की ओर आने लगे हैं, जिससे इंसानों और जानवरों के बीच टकराव की स्थिति बन रही है। वन विभाग को चाहिए कि ऐसे मामलों में सतर्कता बरतते हुए वन्य जीवों की जरूरतों का ध्यान रखा जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Comments