कोरबा जिले के तुमान में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान ACB की टीम ने सहायक ग्रेड-2 के कर्मचारी प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। बताया गया कि सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल से काम कराने के एवज में आरोपी ने घूस की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद बिलासपुर ACB की टीम ने डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में जाल बिछाया और शिविर स्थल पर ही आरोपी को रिश्वत की रकम के साथ दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान समाधान शिविर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और ACB मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
वहीं दूसरी ओर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ अनुविभाग अंतर्गत छाल तहसील कार्यालय में भी ACB ने बड़ी कार्रवाई की। यहां ग्राम धसकामुड़ा निवासी किसान भानुप्रताप पटेल से खसरा बी-1 में त्रुटि सुधार के नाम पर 60 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत के बाद ACB ने योजनाबद्ध ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी तुलाराम पटेल को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, तुलाराम पटेल मूल रूप से शिक्षक पद पर कार्यरत है और छाल तहसील कार्यालय में लिपिक के रूप में अटैच था। ACB की इस कार्रवाई के बाद दोनों जिलों के सरकारी विभागों में खलबली मच गई है।

Comments