बलौदाबाजार16 जून 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के खरवे गांव में पिछले 3 महीनों में 8 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने शराब में जहर मिलाकर इन लोगों को पिलाया, जिससे उनकी मौत हुई है। इसके बाद शनिवार को एक शव को कब्र से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया था। अब मंगलवार को अन्य 6 शवों को भी जेसीबी मशीन की मदद से कब्र से बाहर निकाला गया। इन शवों का भी पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। मामला कसडोल थाना क्षेत्र का है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और ग्रामीणों से पूछताछ कर अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी है कि आरोपी रामसाय जायसवाल जमीन में गड़े कथित खजाने (हंडा) को पाने के लिए लोगों की बलि दे रहा था। हालांकि, इस तरह की बातों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, फरवरी से मई 2026 के बीच खरवे गांव में चैतू साहू (55), पूर्व सरपंच छातूराम साहू (58), विनोद साहू (36), बद्री पटेल (58), जगानंद माछी (50), बुटालू साहू, बुधराम जायसवाल और महत्तरू साहू (40) समेत 8 लोगों की मौत हुई थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि रामसाय जायसवाल ने उन्हें शराब पिलाई थी। जिसके बाद एक-एक कर उनकी मौत होती गई। ग्रामीणों ने बताया कि एक और व्यक्ति ने भी शराब पी थी, लेकिन उल्टी हो जाने के कारण उसकी जान बच गई। इस घटना से ग्रामीणों को शक हुआ।
ग्रामीणों की शिकायत और आंदोलन के बाद पुलिस, राजस्व विभाग और एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) की एक संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सभी मृतकों के शवों का दोबारा परीक्षण कराने का निर्णय लिया।

Comments