जानकारी के अनुसार संजय बघेल को अवैध शराब से जुड़े एक मामले में तीन दिन पहले गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल में बंद रहने के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। हालांकि परिजनों का आरोप है कि संजय की मौत बीमारी से नहीं बल्कि जेल के भीतर हुई मारपीट का नतीजा है।
मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि मामले में एक अन्य व्यक्ति को कथित रूप से रिश्वत लेकर छोड़ दिया गया, जबकि संजय को जेल भेज दिया गया था। परिजनों ने संबंधित हवालदार और जेलर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना से आक्रोशित बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन रायगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। जिला अस्पताल परिसर में भी लोगों की भारी भीड़ जुटी रही, जहां दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बताया है कि मृतक का पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कराया जाएगा ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।
परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक न्यायिक जांच नहीं होती और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल प्रशासन और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Comments