भाजपा का ट्रिपल इंजन भी नहीं तोड़ पाया कांग्रेस का गढ़, वार्ड 29 में शेख आजम की शानदार जीत

बिलासपुर, 4 जून 2026। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 के उपचुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित करते हुए शानदार जीत दर्ज की है। भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार होने के बावजूद पार्टी इस वार्ड में कांग्रेस के विजय अभियान को रोकने में असफल रही। कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा के वी. मधुसूदन राव को 1062 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया।
गुरुवार सुबह बजरंग हिंदी मीडियम स्कूल में सुबह 9 बजे मतगणना शुरू हुई। मुकाबला कांग्रेस के शेख आजम और भाजपा के वी. मधुसूदन राव के बीच सीधा था। दो टेबलों पर हुई मतगणना चार राउंड में पूरी हुई और महज एक घंटे के भीतर परिणाम घोषित कर दिया गया।
यह जीत इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि मधुसूदन राव के परिवार को इस वार्ड में लगातार तीसरी बार चुनावी हार का सामना करना पड़ा है। पहले उनके पिता और अब स्वयं मधुसूदन राव को मतदाताओं ने नकार दिया।
1 जून को हुए मतदान में वार्ड के कुल 5255 मतदाताओं में से 3665 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 1826 पुरुष और 1838 महिला मतदाता शामिल रहे। कुल मतदान प्रतिशत 69.74 दर्ज किया गया, जिसे उपचुनाव के लिहाज से काफी उत्साहजनक माना जा रहा है।
कांग्रेस की इस जीत ने न केवल संगठन में उत्साह का संचार किया है, बल्कि आगामी नगरीय चुनावों से पहले राजनीतिक समीकरणों को भी नई दिशा दे दी है।

Comments