रायपुर, 3 जून 2026। छत्तीसगढ़ सरकार सुशासन को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य में 9 जून से सीएम हेल्पलाइन 1076 सेवा शुरू होगी, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे शासन तक पहुंचा सकेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस महत्वाकांक्षी सेवा का शुभारंभ करेंगे।
नई व्यवस्था के तहत नागरिक टोल-फ्री कॉल, वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप के जरिए शिकायत दर्ज करा सकेंगे। सरकार का दावा है कि शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
सीएम हेल्पलाइन के संचालन के लिए विभागीय नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। अधिकारियों को आधुनिक शिकायत प्रबंधन प्रणाली, शिकायतों के विभिन्न स्तरों पर ट्रांसफर और फीडबैक आधारित मॉनिटरिंग की जानकारी दी गई।
सुशासन एवं अभिसरण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी शिकायत का समय पर समाधान नहीं होता है, तो वह स्वतः उच्च स्तर पर भेजी जाएगी। इससे जवाबदेही बढ़ेगी और शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।
सरकार का मानना है कि सीएम हेल्पलाइन 1076 राज्य के नागरिकों तक सुशासन पहुंचाने का प्रभावी माध्यम साबित होगी और लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

Comments