पीसीसी की रफ्तार सुस्त: जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण अब तक अधूरा

रायपुर 11 मई 2026: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठन सृजन के बाद भी जिला कांग्रेस अध्यक्षों का प्रशिक्षण पूरा नहीं हो पाया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) की धीमी कार्यशैली को लेकर पार्टी के भीतर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि अन्य राज्यों में जहां जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण और एआईसीसी के निर्देशों पर काम तेजी से शुरू हो चुका है, वहीं छत्तीसगढ़ अब भी पीछे चल रहा है।
सूत्रों के मुताबिक संगठन को मजबूत बनाने और जिला इकाइयों को सक्रिय करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन महीने पहले पूरा हो जाना था। इसके बाद जिला अध्यक्षों की कार्यप्रणाली और एआईसीसी के तय मानकों के आधार पर उनकी रैंकिंग भी की जानी थी। लेकिन अब तक प्रक्रिया अधूरी होने से स्थानीय संगठन केवल छोटे कार्यक्रमों तक सीमित होकर रह गए हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पीसीसी की अधिकांश ऊर्जा फिलहाल एआईसीसी टास्क और आंतरिक व्यवस्थाओं में लगी हुई है। इसी वजह से राजनीतिक गतिविधियां भी अपेक्षाकृत धीमी दिखाई दे रही हैं।
वहीं कार्यकारिणी विस्तार का मामला भी ठंडे बस्ते में जाता नजर आ रहा है। महासचिव और उपाध्यक्ष पदों पर नियुक्तियों को लेकर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हो पाया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि जल्द संगठनात्मक फैसले नहीं लिए गए तो आगामी चुनावी तैयारियों पर असर पड़ सकता है।
कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि जिला स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने के लिए प्रशिक्षण और नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द पूरा करना जरूरी है।

Comments