इमर्जिंग मेन्स टूर्नामेंट 2026 में छत्तीसगढ़ के तीन खिलाड़ियों का चयन, राष्ट्रीय मंच पर दिखाएंगे दम

रायपुर, 25 जून। छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गर्व की खबर है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) के तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा आयोजित इमर्जिंग मेन्स टूर्नामेंट 2026 के लिए किया गया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 6 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक बेंगलुरु में आयोजित होगी।
ऑल इंडिया जूनियर एवं सीनियर चयन समिति ने देशभर के उभरते क्रिकेटरों में से खिलाड़ियों का चयन किया है। छत्तीसगढ़ से वरुण सिंह भुई, मयंक वर्मा और आशीष पांडे को इस टूर्नामेंट के लिए चुना गया है। तीनों खिलाड़ी अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
टूर्नामेंट के दौरान चयनित खिलाड़ियों को देश के सर्वश्रेष्ठ युवा क्रिकेटरों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में प्रत्येक खिलाड़ी तीन मल्टीडे मुकाबले खेलेगा, जिससे उन्हें लंबी अवधि के मैचों का अनुभव और उच्च स्तरीय क्रिकेट का एक्सपोजर प्राप्त होगा।
इमर्जिंग मेन्स टूर्नामेंट को भारतीय क्रिकेट के भविष्य के सितारों को तराशने का महत्वपूर्ण मंच माना जाता है। यहां शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे चलकर राष्ट्रीय और पेशेवर क्रिकेट में अवसर मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) ने तीनों खिलाड़ियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
यह चयन न केवल खिलाड़ियों की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लगातार बढ़ते स्तर और प्रदेश में उभर रही नई प्रतिभाओं का भी प्रमाण है।

Comments