रेलवे ब्लॉक का असर: रायपुर-गेवरा रोड रूट की 10 मेमू ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

बिलासपुर, 25 जून 2026: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में निपनिया-भाटापारा सेक्शन के बीच रोड अंडरब्रिज निर्माण कार्य के चलते रेल यात्रियों को अगले कुछ दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे प्रशासन द्वारा रिलिविंग गर्डर डी-लॉन्चिंग कार्य के लिए ट्रैफिक सह पावर ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके कारण रायपुर, बिलासपुर, गेवरा रोड, कोरबा और इतवारी रूट की कई मेमू एवं पैसेंजर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे के अनुसार निपनिया-भाटापारा सेक्शन में स्थित लेवल क्रॉसिंग संख्या 380 पर रोड अंडरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। इस कार्य के लिए पहला पावर ब्लॉक 24 जून की रात 10 बजे से 25 जून की सुबह 2 बजे तक तथा दूसरा ब्लॉक 28 जून की रात 11 बजे से 29 जून की सुबह 2:30 बजे तक लिया जाएगा।
ब्लॉक के कारण 10 मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में रद्द किया गया है। वहीं तीन ट्रेनों को बीच मार्ग में ही समाप्त अथवा प्रारंभ किया जाएगा। 25 और 28 जून को गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू बिलासपुर से ही चलेगी, जबकि झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू बिलासपुर में ही समाप्त होगी। इसी प्रकार 25 जून को कोरबा-रायपुर पैसेंजर ट्रेन को बिलासपुर में ही समाप्त कर दिया जाएगा।
रेलवे के इस निर्णय का सबसे अधिक असर दैनिक अप-डाउन करने वाले यात्रियों, नौकरीपेशा कर्मचारियों, विद्यार्थियों और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
रद्द ट्रेनों में रायपुर-बिलासपुर, बिलासपुर-गेवरा रोड, गेवरा रोड-बिलासपुर, बिलासपुर-रायपुर, रायपुर-गेवरा रोड, गेवरा रोड-रायपुर, रायपुर-इतवारी, इतवारी-रायपुर, रायपुर-बिलासपुर और कोरबा-रायपुर पैसेंजर सेवाएं शामिल हैं।

Comments