बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बताया कि प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक नियमित रूप से आयोजित की जाती है, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य प्रदेश स्तर पर निर्धारित कार्यक्रमों को जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।
किरण सिंह देव ने कहा कि 25 जून को लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय माना जाता है। इसी कारण भाजपा पूरे प्रदेश में इसे 'काला दिवस' के रूप में मनाएगी। इस अवसर पर मशाल जुलूस, रैलियां, संगोष्ठियां और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों पर लगाए गए प्रतिबंधों और विपक्षी नेताओं के संघर्ष की जानकारी देना आवश्यक है।
बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी की मजबूती, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए किरण सिंह देव ने कहा कि भाजपा की आंतरिक बैठक में क्या चर्चा हुई, इसकी जानकारी कांग्रेस नेताओं को कैसे हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता जनता के बीच भ्रम फैलाने और गलत नैरेटिव तैयार करने का प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि आपातकाल की याद को जन-जन तक पहुंचाने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जाएगा।

Comments