“बॉलीवुड शेड्यूल गड़बड़ाया: ‘टॉक्सिक’ फिर पोस्टपोन, वरुण की फिल्म की डेट बदली | ‘बंदर’ से होगा क्लैश”

बॉलीवुड हो या साउथ इन दिनों सभी जगह फिल्मों की रिलीज डेट में बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले दिनों बॉबी देओल स्टारर ‘बंदर’ की रिलीज डेट बदली। अब बुधवार को यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ फिर आगे बढ़ गई। इसके साथ ही वरुण धवन की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की रिलीज डेट में एक बार फिर बदलाव हुआ है।
 19 मार्च को आने थी ‘टॉक्सिक’
यश की फिल्म 'टॉक्सिक : ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' शुरुआत में 19 मार्च को रिलीज होने थी। निर्माताओं ने रिलीज को आगे बढ़ाकर चार जून कर दिया था, लेकिन अब रिलीज फिर आगे बढ़ गई है। बुधवार को निर्माताओं ने इस बारे में जानकारी देते हुए एक आधिकारिक बयान जारी किया।
 दुनिया भर के सिनेमाघरों में आएगी
निर्माताओं ने कहा कि भले ही हमारी फिल्म पूरी हो चुकी है, पर अब हम इसे ऐसी तारीख पर रिलीज करेंगे, जो इसकी वैश्विक रिलीज के अनुरूप हो। बीते दिनों सिनेमाकॉन में फिल्म को मिली प्रतिक्रिया ने टीम के इस विश्वास को और मजबूत किया कि ‘टॉक्सिक’ को विश्व स्तर पर अपनी पूरी क्षमता के साथ रिलीज होना चाहिए।
 ‘टॉक्सिक’ की वजह से बदली डेट
वरुण धवन की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’, जो समय से पहले 22 मई को रिलीज होने वाली थी। हालांकि, अब यह फिल्म अपनी पुरानी रिलीज डेट यानी 5 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। निर्माताओं ने इस बारे में जानकारी देते हुए साफ किया कि 4 जून को ‘टॉक्सिक’ के रिलीज होने की वजह से उन्होंने इस फिल्म को 22 मई को रिलीज करने का फैसला किया था, लेकिन अब ‘टॉक्सिक’ 4 जून को रिलीज ही नहीं हो रही है, तो वो अपनी फिल्म 5 जून को ही रिलीज करेंगे।
 ‘बंदर’ से होगा मुकाबला
नए समीकरण के अनुसार, वरुण धवन की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का क्लैश सिनेमाघरों में 5 जुलाई को रिलीज होने वाली बॉबी देओल की फिल्म ‘बंदर’ से होगा। अनुराग कश्यप निर्देशित ‘बंदर’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी सराहना मिली है।
 दिसंबर 2027 में रिलीज होगी ‘तुम्बाड 2’
इन सबके बीच बुधवार को साेहम शाह और नवाजुद्दीन सिद्दीकी की अगली फिल्म ‘तुम्बाड 2’ की रिलीज डेट की घोषणा हुई। पहले माना जा रहा था कि यह फिल्म साल 2026 के अंत तक रिलीज होगी। निर्माताओं ने इसकी रिलीज डेट 3 दिसंबर 2027 तय की है।

Comments