लोकसभा चुनाव 2024 : प्रदेश के ये छह आला नेता प्रत्याशी चरण में निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका..

साभार : सोशल मीडिया
छत्तीसगढ़ टाइम्स डॉट कॉम । रायपुर

भारतीय जनता पार्टी समेत अन्य राजनीतिक पार्टियां लोकसभा चुनावों को लेकर अब विशेष सक्रिय हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने चुनाव आचार संहिता से पहले देशभर के करीब 146 सीटों पर अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय में छत्तीसगढ़ की पांच लोकसभा सीटें भी शामिल हैं, जिसकी घोषणा फरवरी अंत तक करने की संभावना है। भाजपा में पांच लोकसभा सीटों के दावेदारों में से अधिकृत प्रत्याशी के नाम की घोषणा से पहले अंतिम निर्णय केंद्रीय आलाकमान (संसदीय बोर्ड) ही करेगा। प्रदेश भाजपा केवल संभावित दावेदारों की सूची केंद्रीय चुनाव समिति को सौंपेगी, इसके पहले दिल्ली में राज्यों की राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ बैठक होगी। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री शिवप्रकाश भी मौजूद रहेंगे। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया की भी प्रत्याशी चयन में राय ली जा सकती है। भाजपा सूत्रों की मानें तो भाजपा के प्रत्याशी चयन में राज्य से केवल छह आला नेता प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सहप्रभारी नितिन नबीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय और प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ही मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से शामिल होंगे।

प्रत्याशी चयन को लेकर पर्यवेक्षकों से अलग-अलग चर्चा


बताया जा रहा है कि प्रदेश प्रभारी श्री माथुर ने 15 में से 14 पर्यवेक्षकों से अलग-अलग पांच लोकसभा सीटों को लेकर चर्चा की। श्री माथुर ने जिन पर्यवेक्षकों से दावेदारों के नामों को लेकर चर्चा की, उसमें पुन्नुलाल मोहले, भूपेंद्र सिंह सवन्नी, सौरभ सिंह, रजनीश सिंह, निरंजन सिंहा, धरमलाल कौशिक, भैयालाल राजवाड़े, चंपादेवी पावले, शिवरतन शर्मा, कृष्णा राय, लक्ष्मी वर्मा, गौरीशंकर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह और सरला कोसरिया शामिल हैं। केवल बस्तर पर्यवेक्षक मधुसूदन यादव ही प्रदेश प्रभारी की बैठक में शामिल नहीं हो पाए। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट लेने के दौरान प्रदेशाध्यक्ष किरण देव और प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय भी मौजूद थे।

Comments