महाराष्ट्र TET पेपर लीक: परीक्षा से पहले बड़ा खुलासा, रविवार का एग्जाम रद्द

मुंबई, 27 जून। महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) से पहले कथित पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद रविवार को आयोजित होने वाली परीक्षा रद्द कर दी गई। भिवंडी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोगों के पास परीक्षा के प्रश्नपत्र से जुड़ी जानकारी मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापा मारकर जांच की, जिसमें बरामद प्रश्नों का मिलान महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों से कराया गया।
जांच में कई प्रश्न TET जून 2026 के मूल प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए। इसके बाद भिवंडी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया और कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
घटना सामने आने के बाद विपक्ष ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस और अन्य विपक्षी नेताओं ने इसे प्रशासनिक विफलता बताते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। उनका कहना है कि लगातार पेपर लीक की घटनाएं लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं।
महाराष्ट्र शिक्षा विभाग ने एहतियातन रविवार की TET परीक्षा स्थगित कर दी है। विभाग ने कहा है कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

Comments