पुलिस के अनुसार हादसा सुबह उस समय हुआ, जब दोनों ट्रेलर तेज गति से विपरीत दिशा से आ रहे थे। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गए। टक्कर के बाद एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। शव केबिन में बुरी तरह फंस जाने के कारण पुलिस और रेस्क्यू टीम को कटर की मदद से केबिन काटकर उसे बाहर निकालना पड़ा।
हादसे के बाद दूसरा ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। कटघोरा पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर फरार वाहन की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है और उसके परिजनों व वाहन मालिक को सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कटघोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। फरार ट्रेलर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

Comments