सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान कुछ स्थानों से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने की चर्चा है। रायपुर स्थित कारोबारियों के यहां से करीब एक करोड़ रुपये नकद मिलने की खबर सामने आई है, जबकि कोरबा और धमतरी में भी बड़ी रकम मिलने की बातें कही जा रही हैं। हालांकि ईडी ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि या खंडन नहीं किया है।
छापेमारी शुरू होने के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इससे राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
ईडी सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई डीएमएफ और कृषि घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच का हिस्सा है। वहीं, इसी मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) भी समानांतर जांच कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ईडी इस मामले में ठोस साक्ष्य जुटाने और वित्तीय अनियमितताओं की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।
प्रशासनिक हलकों में यह भी चर्चा है कि छापेमारी पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी कर पूछताछ की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। फिलहाल ईडी की कार्रवाई समाप्त हो चुकी है और अब जांच के अगले चरण पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
हालांकि मामले में अंतिम स्थिति और बरामदगी की वास्तविक जानकारी ईडी के आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Comments