12 लाख के चेक के बदले 2 लाख रिश्वत मांगने वाले जनपद CEO समेत 3 गिरफ्तार, ACB ने 1 लाख लेते रंगे हाथों पकड़ा

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने बड़ी कार्रवाई की है। ACB की टीम ने जनपद पंचायत सक्ती के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) निखिल कश्यप, सहायक ग्रेड-3 अविनाश ठाकुर और चपरासी लच्छन भानु को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
 
ACB अधिकारियों के मुताबिक ग्राम लिमतरा निवासी अरुण कुमार भारद्वाज ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी मां ग्राम पंचायत लिमतरा की सरपंच हैं। पंचायत में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत निर्मला घाट, नाली निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपए स्वीकृत हुए थे।
 
योजना की पहली किश्त के रूप में 8 लाख रुपए का चेक जारी हो चुका था, जबकि शेष 12 लाख रुपए का चेक जारी किया जाना बाकी था। आरोप है कि शेष राशि का चेक जारी करने के बदले जनपद पंचायत CEO निखिल कश्यप और सहायक ग्रेड-3 अविनाश ठाकुर ने 2 लाख रुपए रिश्वत की मांग की।
 
शिकायत मिलने के बाद ACB बिलासपुर ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता जब रिश्वत की रकम देने पहुंचा, तब ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को 1 लाख रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
 
ACB ने मौके से रिश्वत की राशि जब्त कर ली है। तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद जिले में हड़कंप मच गया है।

Comments