झाड़फूंक के बहाने दरिंदगी: नौकरी और शादी का झांसा देकर ढोंगी बाबा ने युवती से किया रेप

अंबिकापुर, 16 जून 2026। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में झाड़फूंक और तंत्र-मंत्र के जरिए लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करने वाले एक कथित बाबा की घिनौनी करतूत सामने आई है। आरोपी ने 24 वर्षीय युवती को नौकरी लगने और अच्छा वैवाहिक रिश्ता मिलने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि 14 जून की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच अमित गोस्वामी नामक व्यक्ति उनकी कॉलोनी में पहुंचा। उसने स्वयं को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का निवासी बताते हुए लोगों की समस्याएं दूर करने, झाड़फूंक करने और भविष्य सुधारने का दावा किया।
आरोप है कि आरोपी ने युवती को भरोसे में लेकर कहा कि वह उसके जीवन की परेशानियां दूर कर सकता है तथा जल्द ही अच्छी नौकरी और विवाह का योग बना सकता है। इसी बहाने उसने युवती को अपने झांसे में लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार तो नहीं बनाया है।

Comments