RTE में हजारों सीटें खाली, दूसरे चरण में फिर मिलेगा बच्चों को मौका

रायपुर, 5 जून 2026। निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत प्रदेश के निजी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया के पहले चरण के बाद भी 8,592 सीटें खाली रह गई हैं। राज्य सरकार अब इन रिक्त सीटों को भरने के लिए दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इसके लिए 17 जून से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार प्रदेश के 6,865 निजी स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों के लिए 21,975 सीटें आरक्षित की गई थीं। पहले चरण की लॉटरी में 15,081 बच्चों का चयन हुआ, जिनमें से 13,383 बच्चों ने प्रवेश लिया। इसके बावजूद हजारों सीटें रिक्त रह गईं।
इस वर्ष राज्य सरकार ने प्रवेश नियमों में बदलाव करते हुए केवल कक्षा पहली में ही RTE के तहत प्रवेश देने का निर्णय लिया है। पहले नर्सरी और केजी कक्षाओं में भी प्रवेश दिया जाता था। नए नियम के कारण आवेदन संख्या में कमी देखी गई है।
दूसरे चरण के लिए 17 जून से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी और 30 जून तक आवेदन जमा किए जा सकेंगे। दस्तावेजों का सत्यापन 3 जुलाई तक किया जाएगा, जबकि 6 जुलाई को नई लॉटरी जारी होगी। चयनित विद्यार्थियों को 8 से 17 जुलाई तक संबंधित स्कूलों में प्रवेश लेने का अवसर मिलेगा।
शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि दूसरे चरण के बाद अधिकांश रिक्त सीटें भर जाएंगी और अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।

Comments