CG ब्रेकिंग: भारतमाला मुआवजा घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई, जमीन कारोबारी गिरफ्तार

रायपुर/अभनपुर, 5 जून 2026। भारतमाला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण मुआवजा वितरण में कथित अनियमितताओं और करोड़ों रुपये के घोटाले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अभनपुर के जमीन कारोबारी जय प्रकाश गांधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) 2002 के तहत 3 जून को हिरासत में लिया गया।
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी पर भारतमाला परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजे में हेराफेरी कर करोड़ों रुपये का लाभ लेने का आरोप है। ED का दावा है कि लगभग 56 लाख रुपये मूल्य की जमीन के एवज में 9.83 करोड़ रुपये का मुआवजा प्राप्त किया गया। इसके बाद कथित रूप से इस राशि को शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड और अन्य वित्तीय साधनों में निवेश कर धन के स्रोत को छिपाने का प्रयास किया गया।
यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ ACB/EOW द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई है। मामला रायपुर-विशाखापट्टनम आर्थिक कॉरिडोर के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजा वितरण में कथित धोखाधड़ी और अनियमितताओं से जुड़ा है।
जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि आरोपी ने अपने परिवार के सदस्यों और कुछ अधिकारियों के साथ मिलकर साजिश रची। कथित तौर पर हाईवे अलाइनमेंट में आने वाली जमीन को खरीदकर उसे 500 वर्गमीटर से छोटे-छोटे टुकड़ों में विभाजित किया गया, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से अधिक दर पर मुआवजा प्राप्त किया जा सके।

Comments