हिमंत बिस्व सरमा लगातार दूसरी बार बने असम के सीएम

गुवाहाटी 12 मई 2026: आज गुवाहाटी सिर्फ शपथ ग्रहण का गवाह नहीं बना, बल्कि असम की राजनीति का सबसे बड़ा शक्ति प्रदर्शन भी दिखा। गुवाहाटी के खानापारा में भव्य समारोह आयोजित किया गया। शपथ लेने के साथ ही मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने लगातार दूसरी बार राज्य की कमान संभाली है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए। सरमा के साथ चार नवनिर्वाचित विधायक भी मंत्री बने।
हिमंत बिस्व सरमा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली
भाजपा नेता हिमंत बिस्व सरमा ने लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री के रूप शपथ ली है। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इस दौरान पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे। शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री ने उन्हें बधाई दी। 
असम को विकास की दिशा में आगे ले जाएंगे हिमंत सरमा: माणिक साहा
हिमंत बिस्व सरमा के नेतृ्त्व वाली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा, हम बहुत खुश हैं, क्योंकि भाजपा-एनडीए ने पश्चिम बंगाल, असम और पुदुचेरी में चुनाव जीते हैं। डॉ. हिमंत बिस्व सरमा असम को विकास की दिशा में आगे ले जाएंगे।
आज इतिहास बनने जा रहा, जनता ने भाजपा और पीएम मोदी को लगातार तीसरी बार आशीर्वाद दिया: सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आज इतिहास बनने जा रहा है, क्योंकि जनता ने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री को लगातार तीसरी बार आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का 'सबका साथ, सबका विश्वास, सबका प्रयास' का विचार इस यात्रा का मार्गदर्शन कर रहा है। यह बयान उन्होंने नवनिर्वाचित असम सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले दिया।

Comments